नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने राजधानी दिल्ली में अपनी आधिकारिक जिम्मेदारी संभाल ली है। इसके बाद बुधवार को राष्ट्...
नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने राजधानी दिल्ली में अपनी आधिकारिक जिम्मेदारी संभाल ली है। इसके बाद बुधवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित आधिकारिक सेरेमनी के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपने क्रेडेंशियल्स सौंपे।
अमेरिकी दूतावास की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने 14 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में आयोजित आधिकारिक सेरेमनी के दौरान भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपने क्रेडेंशियल्स सौंपे। इस सेरेमनी के साथ ही सर्जियो गोर औपचारिक रूप से भारत में अमेरिका के 27वें राजदूत बन गए।
सेरेमनी के दौरान राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारतीय राष्ट्रपति को अपने क्रेडेंशियल्स सौंपना और ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारत में सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वे रक्षा, व्यापार, तकनीक और जरूरी मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए भारत सरकार और भारतीय लोगों के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लिखा, “नमस्ते! आज नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास में मेरा पहला दिन है। मैं इस समर्पित टीम का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और अमेरिका-भारत साझेदारी को गहरा करने के लिए काम करने को लेकर उत्सुक हूं। राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में दोनों देशों के आने वाले दिनों को लेकर मैं काफी आशावादी हूं।”
स्वागत कार्यक्रम के दौरान राजदूत सर्जियो गोर ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील को लेकर बातचीत दोबारा शुरू होगी। उन्होंने बताया कि दोनों देश सक्रिय रूप से इस पर चर्चा कर रहे हैं और ट्रेड पर अगली बातचीत मंगलवार को प्रस्तावित है।
राजदूत गोर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है, इसलिए ट्रेड डील को अंतिम रूप देना आसान नहीं है, लेकिन दोनों पक्ष इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार के अलावा अमेरिका और भारत सिक्योरिटी, काउंटर टेररिज्म, एनर्जी, तकनीक, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों में भी मिलकर काम करते रहेंगे।
अमेरिकी राजदूत ने भारत को अमेरिका का सबसे जरूरी साझेदार बताते हुए कहा कि आने वाले महीनों और सालों में उनका लक्ष्य एक व्यापक एजेंडा को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि दोनों देश सच्चे रणनीतिक साझेदार के रूप में आगे बढ़ेंगे, जहां हर पक्ष ताकत, सम्मान और नेतृत्व के साथ योगदान देगा।
राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ दुनिया भर की यात्राएं की हैं और यह विश्वास के साथ कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी दोस्ती सच्ची है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत न केवल अपने हितों से, बल्कि शीर्ष स्तर पर बने मजबूत रिश्तों से भी जुड़े हैं। सच्चे दोस्त अलग-अलग राय रख सकते हैं, लेकिन अंत में अपने मतभेद सुलझा लेते हैं।


No comments